फर्रुखाबाद : भोजपुर में PDA पंचायत, “102-108 एंबुलेंस और डायल 100 सपा की देन – BJP ने देश को धकेला पीछे”

समाजवादी पार्टी इन दिनों पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रही है। जिले में पार्टी बूथ स्तर पर जाकर ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) जन-पंचायतों के जरिए जनता की नब्ज टटोल रही है। इसी कड़ी में जनपद फर्रुखाबाद की विधानसभा भोजपुर के नगला खुरू (बिड़ैल) गांव में एक बड़ी PDA पंचायत का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता श्रीपाल राजपूत ने की और मंच का संचालन जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने संभाला। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ को देखकर सपाई गदगद नजर आए और नेताओं ने वर्तमान सरकार पर जमकर शब्दबाण चलाए।

“15 मिनट में पुलिस और एंबुलेंस… यह सिर्फ अखिलेश सरकार में हुआ”

पंचायत को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने सपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि जब गांव-देहात में हमारी माताएं-बहनें प्रसव पीड़ा से तड़पती थीं, तब अस्पताल जाने का कोई साधन नहीं होता था। समाजवादी सरकार ने 102 और 108 एंबुलेंस सेवा शुरू की, जिससे 15 मिनट में मदद गांव तक पहुंचने लगी। पुलिस की डायल 100 सेवा भी सपा की ही देन है। उन्होंने दावा किया कि जितने पुल और सड़कें सपा राज में बनीं, उतनी आजाद भारत में किसी सरकार ने नहीं बनाईं। अब यही PDA परिवार इस निरंकुश एनडीए सरकार को उखाड़ फेंकेगा।

लोधी समाज की हिस्सेदारी और वीरांगना अवंतीबाई की प्रतिमा पर छिड़ी रार

पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने जनसभा में स्थानीय जज्बातों को हवा देते हुए कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में बदलाव की हवा चल रही है और PDA समाज अब जाग चुका है। उन्होंने जिला प्रशासन और सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिले में तमाम मूर्तियां लग रही हैं, लेकिन वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा आज तक क्यों नहीं लग पाई? लोधी समाज अब अपनी पूरी हिस्सेदारी चाहता है, और यह हक सिर्फ और सिर्फ समाजवादी पार्टी की सरकार में ही सुरक्षित है।

“लैपटॉप-कन्या विद्या धन बंद, 10 साल में एक रुपया भी नहीं बढ़ा पाई BJP”

वहीं, पूर्व चेयरमैन हरीश कुमार यादव ने कहा कि विकसित भारत का ढिंढोरा पीटने वालों ने अपनी गलत नीतियों से देश को 20 साल पीछे धकेल दिया है। जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने युवाओं और किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अखिलेश सरकार में लैपटॉप और कन्या विद्या धन देकर छात्रों का हौसला बढ़ाया गया था। किसानों की मौत पर मिलने वाला 5 लाख का दुर्घटना बीमा सपा की देन है। मौजूदा सरकार 10 साल में इस राशि में 1 रुपए की भी बढ़ोतरी नहीं कर पाई है।

अखिलेश यादव की नीतियों में भरोसा, कई दिग्गजों ने थामा सपा का ‘साइकिल’ हैंडल

इस जन-पंचायत के दौरान सपा की नीतियों और अखिलेश यादव के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए इलाके के कई प्रमुख चेहरों ने पार्टी की सदस्यता ली। इनमें अभिनव राजपूत, हरिओम, खुशीराम, शरद, बृजनंदन, कैलाश चंद्र पाल और प्रेमपाल पाल प्रमुख रहे। कार्यक्रम में रामविलास राजपूत, शिवशंकर शर्मा, आशीष शर्मा, कल्लू यादव, वंदना मिश्रा और शीलू खां समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें