शनिवार को जनपद फर्रुखाबाद की कायमगंज तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की अध्यक्षता में जनता की समस्याओं को सुना गया। इस दौरान शिकायतों कुल 216 मामले सामने आए। जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर पीड़ितों को राहत दी।
कहीं चक मार्ग पर कब्जा, तो कहीं सरकारी हैंडपंप ही उखाड़ फेंका!
इस समाधान दिवस में कुछ ऐसे मामले आए जिन्होंने अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। शमशाबाद के राशिदाबाद बल्लभ निवासी प्रवेश कुमार ने फरियाद में कहा कि दबंगों ने गांव के चक मार्ग पर अवैध कब्जा कर लिया है। वहीं, कंपिल क्षेत्र के मांझगांव से आए सुमित, नितिन, राहुल, दीपू और आदित्य ने एक अजीबोगरीब शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि मोहल्ले का 25 साल पुराना सरकारी हैंडपंप कुछ लोगों ने उखाड़ दिया और उसकी जगह नया हैंडपंप लगाकर उसे अपनी जागीर (निजी इस्तेमाल) बना लिया।

प्रधान पति पर ‘धन की बंदरबांट’ और शिक्षिका के घर पर कब्जे का आरोप
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव कमरुद्दीन नगर निवासी श्रवण कुमार ने सीधे प्रधान पति नीरज गौतम पर आरोप लगाया कि विकास कार्यों में जमकर धांधली और सरकारी धन की बंदरबांट की गई है, इसलिए पूरे ग्राम पंचायत के कामों की जांच (सत्यापन) होनी चाहिए। उधर, एटा में रहकर बच्चों को पढ़ाने वाली विकलांग पति की पत्नी और शिक्षिका कल्पना तिवारी ने कहा कि शमशाबाद के नगला नान में स्थित उनके मकान का ताला तोड़कर दबंगों ने बक्सा, बर्तन चोरी कर घर पर अवैध कब्जा कर लिया है।
जिलाधिकारी ने राजस्व कर्मियों पर की कार्रवाई
जिलाधिकारी ने कायमगंज क्षेत्र के गांव मऊ रशीदपुर के लेखपाल योगेंद्र यादव एवं संबंधित राजस्व निरीक्षक शिवनारायण तिवारी को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त लेखपाल कप्तान सिंह, क्षेत्र बलीपुर के विरुद्ध प्राप्त शिकायत की जांच कराते हुए दोष सिद्ध होने पर निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
विधायक की मौजूदगी में DM का अल्टीमेटम : 30 जून तक साफ करें पेंडिंग फाइलें
इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुरभि, CMO डॉ. आनंद उपाध्याय और SDM अतुल कुमार सिंह समेत पूरी प्रशासनिक फौज मुस्तैद रही। जनता का दर्द सुनने के बाद जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सभी कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए काम में तेजी लाने को कहा। उन्होंने साफ और कड़े शब्दों में अल्टीमेटम दिया कि राजस्व विभाग की जितनी भी पेंडिंग शिकायतें हैं, उन्हें हर हाल में 30 जून तक निपटाया जाए, वरना लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर गाज गिरना तय है।



















