रविवार को जनपद फर्रुखाबाद के कम्पिल थाना क्षेत्र के गांव बहबलपुर निवासी मोहम्मद उमर का 14 वर्षीय पुत्र राजिद गांव के ही एक युवक के ट्रैक्टर पर मजदूरी का काम करता था। रविवार शाम को वह रोजाना की तरह खेत पर तंबाकू की लकड़ी कटवाने गया था। लकड़ी काटने के दौरान अचानक थ्रेसर की गड़सी (कटर) टूट गई और सीधे राजिद की नाक पर जा लगी। इस हादसे के बाद राजिद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मां का रो-रोकर बुरा हाल, पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था मृतक
जैसे ही राजिद की मौत की खबर उसके घर पहुंची, पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां सुबेदा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि राजिद अपने पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था और बेहद मिलनसार था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, थाना प्रभारी ने कही यह बात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



















