फर्रुखाबाद : पारिवारिक पंचायत के दौरान खूनी खेल, साढू ने मारी साढू को गोली – पुलिस जांच में जुटी

रविवार को जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पारिवारिक विवाद को सुलझाने गए युवक पर उसके ही साढू ने तमंचे से सरेआम फायरिंग कर दी। गोली के छर्रे लगने के कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। आनन-फानन में घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं वारदात को अंजाम देकर आरोपी तमंचा लहराते हुए तंग गलियों से फरार हो गया, जिसका भागते हुए का एक वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया है।

कायमगंज
कायमगंज

बहन-बहनोई के विवाद में बुलाई गई थी पंचायत

पप्राप्त जानकारी के अनुसार, शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव शिवरैया निवासी जाहर सिंह कठेरिया अपने ममेरे साढू आलोक कुमार के साथ कंपिल के मोहल्ला पट्टी मदारी पहुंचे थे। आलोक कुमार कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव गऊटोला निवासी हैं। ये दोनों जाहर सिंह की बहन वीरेशा और उनके बहनोई सुमित के बीच पिछले काफी समय से चल रहे आपसी पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए एक घरेलू पंचायत करने आए थे। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि बातचीत का अंत इतना खौफनाक होगा।

बातचीत के  दौरान बढ़ा विवाद और चल गई गोली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घर में बातचीत और समझौते का दौर चल ही रहा था कि अचानक दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और विवाद गहरा गया। बहस इतनी ज्यादा बढ़ गई कि गुस्से में आकर आरोपी बहनोई सुमित ने तुरंत कमर से देसी तमंचा निकाला और बीच-बचाव कर रहे आलोक कुमार पर सीधे फायरिंग कर दी। गोली चलते ही छर्रे लगने से आलोक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनते ही पूरे मोहल्ले और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इधर मौके का फायदा उठाकर आरोपी सुमित हथियार लहराता हुआ भाग निकला।

कायमगंज
कायमगंज

CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही कंपिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि पूरा मामला पति-पत्नी के बीच चल रहे आपसी विवाद से जुड़ा हुआ है। बीच-बचाव करने के दौरान आरोपी ने तैश में आकर फायरिंग कर दी। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर फरार आरोपी सुमित की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें