जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज में गुरुवार को एक बेकाबू डंपर की चपेट में आने से छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई थी। शुक्रवार की देर रात पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही छात्रा का शव घर पहुंचा, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इसी बीच एक अफवाह उड़ी कि पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को हिरासत से छोड़ दिया है।

पुलिस की सूझबूझ से शांत हुआ परिजनों का गुस्सा
परिजनों को शक था कि किसी प्रभावशाली व्यक्ति के दबाव में आकर पुलिस ने डंपर छोड़ दिया है। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल दो पुलिसकर्मियों को पीड़ित परिवार के पास भेजा और उन्हें मंडी ले जाकर वहां सुरक्षित खड़े डंपर को दिखाया। डंपर को अपनी आंखों के सामने देखकर परिजनों का शक दूर हुआ और वे शांत होकर वापस लौटे।

अटैना घाट पर हुआ अंतिम संस्कार, पुलिस ने ली राहत की सांस
परिजन छात्रा के शव को अंतिम संस्कार के लिए अटैना घाट लेकर निकले, तो प्रशासन बेहद सतर्क रहा। शव यात्रा को कोतवाली के सामने से सुरक्षित गुजारने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। मृतका के पिता नेत्रपाल की तहरीर पर पुलिस ने गाड़ी संख्या UP 82 AT 5751 के अज्ञात चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर क्राइम महेंद्र सिंह ने बताया कि चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है।



















