जनपद फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव लोहा पानी में एक टेंट कर्मचारी की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। बता दें कि गांव के ही राजेश्वर सिंह की बेटी की शादी के बाद टेंट समेटने का काम चल रहा था। बुधवार को बारात आई थी और गुरुवार सुबह जब मजदूर काम कर रहे थे, तभी यह भीषण हादसा हो गया।

11000 वोल्ट के करंट ने ली जान
टेंट खोलते समय लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गया। गांव मुजायदपुर निवासी 30 वर्षीय सुरेंद्र उस समय लोहे का पाइप पकड़े हुए था। जैसे ही पाइप तार से टकराया, पूरे पाइप में हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। सुरेंद्र को संभलने का मौका भी नहीं मिला और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार टूटा
हादसे की खबर मिलते ही टेंट मालिक और मृतक के परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। मृतक सुरेंद्र अपने पिता राजकुमार का इकलौता सहारा था। उसके चाचा नरेंद्र ने बताया कि राजकुमार खेती-बाड़ी करके परिवार चलाते हैं और सुरेंद्र मजदूरी कर घर की मदद करता था। इकलौते चिराग के बुझने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
सूचना मिलते ही मऊदरवाजा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



















