मंगलवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत ज्योना के मजरा नगला फार्म में ग्रामीणों ने एक 25 वर्षीय युवक का शव नीम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका देखा। मृतक की पहचान सेवाराम के रूप में हुई है, जो मजदूरी करके अपना और परिवार का पेट पालता था। सोमवार रात से ही सेवाराम घर से लापता था, जिसके बाद से ही उसके परिजन उसे खोज रहे थे।

भाई ने दी पुलिस को सूचना
सुबह खेत की तरफ निकले ग्रामीणों को जैसे ही शव दिखा, गांव में हड़कंप मच गया। मृतक के भाई मेवाराम ने बताया कि सोमवार शाम को सेवाराम काम से लौटा था, लेकिन खाना बनने के दौरान वह कहीं चला गया। काफी ढूंढने के बाद भी जब वह नहीं मिला, तो सुबह यह दुखद खबर सामने आई। सूचना मिलते ही कायमगंज थाना प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया।

पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक के शरीर पर शर्ट नहीं थी, लेकिन जेब से मोबाइल और ब्लूटूथ बरामद हुआ है।


















