फर्रुखाबाद : कायमगंज तहसील में वकीलों का हंगामा, SDM कोर्ट का दरवाजा तोड़ा – केस दर्ज

सोमवार की शाम जनपद फर्रुखाबाद की कायमगंज तहसील में भारी हंगामा देखने को मिला। आरोप है कि कुछ वकीलों ने तहसील स्थित SDM कोर्ट में घुसकर जमकर बवाल काटा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वकीलों ने न केवल कोर्ट के मुख्य दरवाजे की कुंडी लात मारकर तोड़ दी, बल्कि अंदर रखे महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेखों को भी बिखेर दिया। इस घटना के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया और न्यायिक कामकाज पूरी तरह से बाधित हो गया।

कर्मचारियों से बदसलूकी और FIR

कोर्ट के अहलमद (फौजदारी) अनुज कुमार ने इस मामले में कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि शाम करीब 4:45 बजे जब वह कोर्ट में अपना काम कर रहे थे, तभी अधिवक्ता सरनेश यादव, इंद्रेश गंगवार, अवनीश गंगवार उर्फ लालू समेत करीब 5–6 अधिवक्ता वहां पहुंचे और कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने लगे। पुलिस ने अहलमद की शिकायत पर नामजद वकीलों और अन्य 5–6 अधिवक्ता के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

क्या बोले SDM?

घटना पर संज्ञान लेते हुए SDM अतुल कुमार सिंह ने बताया कि कुछ अधिवक्ता अपनी फाइलों को लेकर मनमाने ढंग से काम कराने का दबाव बना रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यायिक प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी है और जो भी विधि सम्मत (न्यायसंगत) होगा, उसी के आधार पर अगली कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कोर्ट की गरिमा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें