जनपद फर्रुखाबाद से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत बेहद दर्दनाक तरीके से हुआ। जहानगंज थाना क्षेत्र में काली नदी के पास एक युवती का शव बरामद हुआ, जिसकी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, फिर बढ़ी दूरियां
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी अनीश, जो कि फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला है, की मुलाकात करीब दो-तीन साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कन्नौज की रहने वाली युवती से हुई थी। धीरे-धीरे यह जान-पहचान प्यार में बदल गई। हालांकि, बीते एक साल से युवती ने किसी कारणवश आरोपी से बात करना बंद कर दिया था और उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। इसके बाद वह किसी और से बात करने लगी थी, जिससे आरोपी अनीश काफी नाराज चल रहा था।

अंतिम बातचीत के बहाने बुलाया और दे दिया अंजाम
आरोपी अनीश ने युवती से फिर से बात करने की कई बार कोशिश की, लेकिन जब उसे सफलता नहीं मिली, तो उसने खौफनाक योजना बनाई। 17 अप्रैल को आरोपी घर से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर बाइक से सीधे युवती के घर पहुंचा। उसने युवती को आखिरी बार बात करने के बहाने अपनी बाइक पर बैठाया और उसे काली नदी के पुल के किनारे ले गया। वहां उसने जबरन बात करने का दबाव बनाया, लेकिन युवती ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद तैश में आकर आरोपी ने चाकू से युवती के गले पर कई वार किए और उसकी निर्मम हत्या कर दी।

पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और एसओजी सर्विलांस टीम की मदद से आरोपी अनीश को धर दबोचा। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक और चाकू भी बरामद कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और अब आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


















