जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित प्रसिद्ध श्री हनुमानगढ़ी मंदिर में श्री राम नवमी के पावन पर्व पर 6वां श्री राम जन्मोत्सव बेहद हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उत्सव का शुभारंभ प्रभु श्री राम के चरणों में संगीतमय सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ। मधुर भजनों और चौपाइयों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए गए भजनों ने श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। भक्तों की भारी भीड़ ने दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।
महाआरती के बाद शुरू हुआ विशाल भंडारा, भक्तों ने छका प्रसाद
सुंदरकांड पाठ के समापन के बाद प्रभु श्री राम की भव्य मंगल आरती उतारी गई। आरती के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें कायमगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। सेवादारों ने पूरी निष्ठा के साथ आने वाले हर भक्त की सेवा की। इस दौरान मंदिर परिसर पूरी तरह से “श्री राममयी” नजर आया और लोगों में उत्सव को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया।
गौ रक्षकों और सेवादारों ने संभाली कमान, भक्ति और सेवा का दिखा संगम
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय सेवादारों और गौ रक्षकों का विशेष योगदान रहा। श्री रामू चेतन महाराज के सानिध्य में राणा मनमोहन सिंह राठौड़, गौ रक्षक चंदन, मनोज, विकास लाडला, गौरव और सौरभ ने पूरी व्यवस्था संभाली। साथ ही मयंक, प्रांजल, रजत, मिंटू, आनंद, अजय और कौशल जैसे युवाओं ने भंडारे और दर्शन व्यवस्था में अपना सहयोग दिया। सभी ने मिलकर इस उत्सव को भक्ति और सेवा की मिसाल बना दिया।


















