फर्रुखाबाद के कायमगंज में जीएसटी चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सक्रिय गिरोह ने सीधा-साधा किसान बनकर सरकार को लाखों की चपत लगा दी। गैंगस्टर जुबैर और सुखवीर के गुर्गों ने मिलकर कुआंखेड़ा के एक किसान सुरेश चंद्र के नाम पर फर्जी फर्म खड़ी कर दी। जब किसान को सेंट्रल जीएसटी ऑफिस से बुलावा आया, तब उसे पता चला कि उसके नाम पर लाखों का टैक्स बकाया है। पुलिस ने अब इस मामले में गैंगस्टर समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।
तंबाकू कारोबार की आड़ में टैक्स चोरी और जान से मारने की धमकी
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने किसान के खेत के कागजों (गाटा संख्या 202) का गलत इस्तेमाल किया। इन कागजों के जरिए ‘अमन ट्रेडिंग कंपनी’ के नाम से फर्जी फर्म बनाई गई और तंबाकू के अवैध कारोबार में जमकर टैक्स चोरी की गई। जब पीड़ित किसान ने इस फर्जीवाड़े का विरोध किया और आरोपियों से पूछताछ की, तो उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। किसान ने अब पुलिस को फर्जी किराएनामे की कॉपियां सौंप दी हैं, जिससे आरोपियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई : इन 8 लोगों पर कसा कानून का शिकंजा
कायमगंज कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि अमन खान (करीमनगर), अरबाज, फैजल, जुबैर, सुखवीर, आशीष, अदनान और एक अन्य अरबाज के खिलाफ साजिश रचने और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब सबूतों के आधार पर इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। इस खुलासे के बाद इलाके के व्यापारियों और किसानों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।


















