फर्रुखाबाद : कायमगंज में आंगनबाड़ी कार्यकत्री को मिली जान से मारने की धमकी, पूर्व प्रधान पर गंभीर आरोप

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने गांव के पूर्व प्रधान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि पूर्व प्रधान राजेश कुमार उसे अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन करता था और अश्लील बातें करके परेशान करता था। जब कार्यकत्री ने इन हरकतों का विरोध किया, तो आरोपी ने उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे डाली।

राशन वितरण के दौरान भी की अभद्रता

यह मामला केवल फोन तक ही सीमित नहीं रहा। आरोप है कि बीते 17 मार्च को जब आंगनबाड़ी केंद्र पर राशन का वितरण किया जा रहा था, उस समय भी आरोपी ने फोन करके पीड़िता के साथ बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पीड़िता पहले से ही एक गंभीर बीमारी से जूझ रही है और आरोपी की इन घिनौनी हरकतों के कारण वह भारी मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में है।

पुलिस एक्शन : पूर्व प्रधान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी ने पूर्व प्रधान राजेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि कि मामले की पूरी गहराई से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें