शुक्रवार को जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत एक भव्य ऋण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

122 युवाओं को मिला सीधा लाभ
कार्यक्रम में कुल 122 लाभार्थियों को 3 करोड़ 35 लाख रूपए के ऋण वितरण एवं स्वीकृति पत्र सौंपे गए। यह आर्थिक सहायता युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में मदद करेगी। योजना खासतौर पर उन युवाओं के लिए है जो खुद का काम शुरू करना चाहते हैं।

जिलाधिकारी का संदेश – नौकरी नहीं, रोजगार दें
कार्यक्रम में मौजूद आशुतोष कुमार द्विवेदी ने लाभार्थियों से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा सिर्फ नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें और ज्यादा से ज्यादा लोगों को काम से जोड़ें।

स्टॉल लगाकर दिखाई प्रतिभा
कार्यक्रम के दौरान योजना से लाभान्वित युवाओं ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन किया। साथ ही सीएम युवा फेलो द्वारा सीएम युवा ऐप और योजना की जानकारी भी साझा की गई, जिससे अन्य युवाओं को भी योजना से जुड़ने की प्रेरणा मिली।

बैंक और प्रशासन की मौजूदगी
इस मौके पर एडीएम, सहायक आयुक्त उद्योग मो. आजम, विभिन्न बैंकों के प्रबंधक और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। अंत में उपयुक्त उद्योग द्वारा सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।


















