होली पर्व को देखते हुए जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिलें, इसी उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम ने फर्रूखाबाद में छापेमारी की।
खोया मंडी में अचानक पहुंची टीम, मचा हड़कंप
चौक स्थित खोया मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अचानक छापा मारा। सहायक आयुक्त (खाद्य) श्री अजीत कुमार के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अक्षय प्रधान के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम को देखते ही मंडी में अफरा-तफरी मच गई।

दो दुकानदारों से खोया के नमूने लिए गए
जांच के दौरान खोया आढ़ती विनोद कुमार गुप्ता और खोया विक्रेता प्रमोद कुमार से खोया के नमूने लिए गए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, ताकि खोया की गुणवत्ता की पुष्टि की जा सके।
डर के मारे छोड़कर भागे दुकानदार, 45 किलो खराब खोया फेंका
कार्रवाई के दौरान कुछ अन्य कारोबारी अपना करीब 45 किलोग्राम खराब खोया (अनुमानित कीमत ₹11,700) जमीन पर फेंककर मौके से फरार हो गए। टीम ने जनहित में उस सड़े हुए खोये को गड्ढे में दबाकर नष्ट कराया।

मिलावटखोरों को सख्त चेतावनी
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने साफ कहा है कि होली के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आगे भी जिले भर में इसी तरह की छापेमारी जारी रहेगी।


















