मेला रामनगरिया में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और ट्रैक्टर-ट्रॉली की लगातार बढ़ रही आवाजाही को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत और यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग व जागरूकता अभियान चलाया।

ट्रैक्टर चालकों को यातायात नियमों की दी गई जानकारी
अभियान के दौरान मेला क्षेत्र में ट्रैक्टर चालकों को रोककर उनके ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई। अधिकारियों ने चालकों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में तय संख्या से अधिक सवारी न बैठाने, तेज रफ्तार से वाहन न चलाने और इंडिकेटर व लाइट का सही उपयोग करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।

नशे में वाहन चलाने पर भी रही कड़ी नजर
जांच के दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि कोई भी चालक शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन न चला रहा हो। अधिकारियों ने साफ कहा कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ओवरलोड ट्रक सीज, ₹53 हजार का जुर्माना
एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत द्वारा की गई चेकिंग में एक ओवरलोड ट्रक को मौके पर ही सीज कर दिया गया। ट्रक पर 53 हजार रुपए का भारी जुर्माना लगाया गया। यह कार्रवाई ओवरलोडिंग से होने वाले हादसों को रोकने के उद्देश्य से की गई।

टैक्स बकाया में तीन और ट्रक सीज
इसके अलावा टैक्स बकाया पाए जाने पर तीन अन्य ट्रकों को भी सीज किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना टैक्स और नियमों के विरुद्ध चलने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।


















