फर्रूखाबाद : सिरफिरे बेटे ने ईंट और सिल-बट्टे से कुचलकर मां को उतारा मौत के घाट, बचाने आई बहन का दबाया गला

बुधवार की सुबह जनपद फर्रूखाबाद के शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव खुड़ना वैध में एक सिरफिरे युवक ने अपनी ही जन्मदात्री मां का बेरहमी से कत्ल कर दिया था। बचाने आई बहन के साथ भी मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया है।

शमसाबाद
मृतक मुन्नी देवी का फाइल फोटो

मां बर्तन धो रही थी, तभी सिर पर मंडराया काल

बता दें कि गांव खुड़ना वैध निवासी स्वर्गीय रामदुलारे राठौड़ की 55 वर्षीय पत्नी मुन्नी देवी सुबह करीब 6:30 बजे अपने घर के आंगन में बर्तन साफ कर रही थीं। इसी दौरान उनका बेटा पंकज, जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी, अचानक हिंसक हो गया। उसने अंदर से घर का मुख्य दरवाजा बंद कर लिया और ईंट व सिल-बट्टे से अपनी मां के सिर पर एक के बाद एक कई ताबड़तोड़ वार कर दिए। मां लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ी और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

शमसाबाद
गेट पर बेहोश पड़ी बहन सुषमा

बचाने पहुंची बहन को भी गला दबाकर मारने की कोशिश

चीख-पुकार सुनकर जब पास में ही जानवरों को चारा डालने गई पंकज की बहन सुषमा दौड़ती हुई घर पहुंची, तो अंदर का नजारा देख उसके होश उड़ गए। उसने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की तो पंकज ने कहा कि वह “काली देवी का पुजारी” है और मां का इलाज कर रहा है। जैसे ही दरवाजा खुला, पंकज ने सुषमा को भी अंदर खींच लिया और बंद करके उसका गला दबाने लगा। जब सुषमा बेहोश हो गई, तो आरोपी ने बाहर खड़े ग्रामीणों पर भी ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।

रस्सी से बांधकर ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले किया

गांव वालों ने हिम्मत दिखाते हुए कुल्हाड़ी व बेलचे से दरवाजे की कुंडी तोड़ी और सुषमा को किसी तरह बाहर निकाला। इसके बाद उग्र हुए पंकज को कड़ी मशक्कत के बाद दबोच लिया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने उसके हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उसे गली में डाल दिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। होश में आने के बाद बहन सुषमा अपनी मां के शव को देखकर लिपट-लिपटकर रोने लगी।

शमसाबाद
पूछताछ करते क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी व थानाध्यक्ष सचिन चौधरी

सिजोफ्रेनिया से पीड़ित हो सकता है आरोपी, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर साक्ष्य एकत्रित किए। न्यूरो मेडिसिन व मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. मंजीत गंगवार ने जानकारी देते हुए बताया कि पंकज सिजोफ्रेनिया नामक गंभीर मानसिक बीमारी से पीड़ित हो सकता है, जिसमें मरीज को अपने ही आसपास के लोग दुश्मन लगने लगते हैं और उसे अजीब आवाजें सुनाई देती हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें