जनपद फर्रूखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र स्थित गांव सवासी में घटी सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश कर दिया है। बता दें कि गांव सवासी निवासी झोलाछाप डॉक्टर हरनाम सिंह उर्फ पप्पू की हत्या किसी गैर ने नहीं, बल्कि जमीन के पुराने विवाद को लेकर जान-पहचान के लोगों ने ही की थी। पुलिस जांच में सामने आया कि करीब 4-5 साल पहले आरोपी कैलाश चंद्र शर्मा ने अपनी 6 बिस्वा जमीन हरनाम को कम दामों में बेची थी। हाल के दिनों में जब उस जमीन की कीमतें बढ़ीं, तो कैलाश उसे वापस पाने की जिद करने लगा। हरनाम के मना करने पर दोनों के बीच रंजिश गहरा गई।

मड़ैया के पास बैठकर बातों में उलझाया, फिर डंडे से कर दिया हमला
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि सोमवार शाम को हरनाम सिंह आरोपी कैलाश की मड़ैया के पास बैठे हुए थे। तभी कैलाश ने अपने साथी गांव धीरजपुर निवासी नीलेंद्र के साथ मिलकर अचानक डंडों से हमला बोल दिया। सिर पर ताबड़तोड़ वार होने से हरनाम मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। दरिंदगी की हद तो तब पार हो गई जब आरोपियों ने गमछे से उनका गला घोंटने की भी कोशिश की, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पाप छुपाने के लिए खेत में फेंका शव, ऐसे सुलझी गुत्थी
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपियों ने कानून की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश की। उन्होंने शव को सवासी और धीरजपुर गांव के बीच एक सुनसान खेत में फेंक दिया ताकि किसी को शक न हो। मंगलवार सुबह जब ग्रामीणों ने खेत में शव देखा तो हड़कंप मच गया। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। तफ्तीश के दौरान जब कैलाश और नीलेंद्र को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है।

खेती के साथ करते थे डॉक्टरी, परिवार में मचा कोहराम
मृतक हरनाम सिंह अपने चार भाइयों में सबसे बड़े थे। वह खेती-किसानी करने के साथ-साथ गांव में ही दवा-इलाज का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक हुई मौत से पत्नी मीरा देवी और चारों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

फर्रुखाबाद : झोलाछाप डॉक्टर की पिटाई के बाद गला घोंटकर हत्या, 700 मीटर दूर खेत में फेंका शव

















