कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
लहराती बाइक बनी हादसे की वजह
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव पपड़ी खुर्द बुजुर्ग निवासी पीड़ित सर्वेश कुमार निवासी ने तहरीर में कहा कि 23 नवंबर 2025 की शाम करीब चार बजे वह अपनी बाइक से कायमगंज की ओर जा रहा था। गांव मीरपुर कमरुद्दीन के पास सामने से आई तेज रफ्तार, लहराती बाइक ने उसे सीधी टक्कर मार दी। घटना के वक्त बाइक पर तीन लोग सवार थे।
कमर–पैर टूटा, सिर में टांके
टक्कर इतनी तेज थी कि सर्वेश सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में उसकी कमर और दाहिनी टांग की हड्डी टूट गई, सिर में गहरे जख्म आए और कई जगह गंभीर चोटें लगीं। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उसे कायमगंज सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
पहले रेफर, फिर आगरा में ऑपरेशन
हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने सर्वेश को फर्रुखाबाद रेफर किया। इसके बाद आगरा के रामकृष्ण अस्पताल में उसका ऑपरेशन हुआ और फिलहाल वह भर्ती है। डॉक्टरों के मुताबिक इलाज लंबा चल सकता है।
FIR की मांग, पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित का आरोप है कि हादसा बाइक सवारों की तेज रफ्तार और लापरवाही से हुआ। उसने कोतवाली कायमगंज में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।


















