जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बढ़पुर विकास खंड के रेखा गांव में प्लॉट पर निर्माण कार्य के दौरान 38 वर्षीय युवक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई।

सरिया उठाते ही टूटी जिंदगी की डोर
मृतक की पहचान विशाल मिश्रा पुत्र कैलाश चंद्र मिश्रा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विशाल अपने प्लॉट पर निर्माण कार्य करवा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सीढ़ी में बांधने के लिए लोहे की सरिया उठाई, जो पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई। करंट लगते ही विशाल गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने दिखाई तत्परता, लेकिन नहीं बच सकी जान
हादसे की सूचना मिलते ही रणविजय सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत झुलसे युवक को ई-रिक्शा से एक निजी अस्पताल भिजवाया। लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने विशाल मिश्रा को मृत घोषित कर दिया।

जांच में जुटी पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलने पर याकूतगंज चौकी इंचार्ज राहुल कुमार भी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


















