
जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रविवार, 14 दिसंबर की शाम करीब 4 बजे ताजपुर रोड स्थित डूंगरपुर तिराहे के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया
अस्पताल से आगरा रेफर, इलाज के दौरान हुई मौत
हादसे में घायल युवक की पहचान 24 वर्षीय खुशनूर मंसूरी उर्फ श्याम के रूप में हुई, जो मोहम्मदाबाद से अपने गांव चौरा लौट रहे थे। राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान खुशनूर ने दम तोड़ दिया।

पुलिस कार्रवाई, अज्ञात वाहन पर केस दर्ज
मृतक के बड़े भाई और ग्राम प्रधान सफी मंसूरी की सूचना पर चौकी इंचार्ज अनिल सिकरवार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
खुशनूर मंसूरी उर्फ श्याम, स्वर्गीय नूर मोहम्मद के पुत्र थे और भैंस खरीदने-बेचने का कार्य करते थे। घटना वाले दिन वह हैदरपुर भैंस देखने गए थे। परिवार में उनकी पत्नी परवीन हैं, जो गर्भवती हैं, और ढाई साल का बेटा असद है। तीन भाइयों में वह दूसरे नंबर पर थे। बड़े भाई सफी मंसूरी ग्राम प्रधान हैं, जबकि छोटे भाई अरवाज हैं। दो बहनों की शादी हो चुकी है और एक 20 वर्षीय बहन करीना है।


















