कायमगंज में महिला से छेड़छाड़ का आरोप, विरोध करने पर पति की पिटाई — तीन पर FIR दर्ज

कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर बताया कि वह लोगों के घरों में खाना बनाकर अपने परिवार का पेट पालती है। रोज़ की तरह जब वह शाम को काम खत्म कर घर लौटती है, तो नगर के नोनियमगंज मोहल्ला निवासी अमित उर्फ लालू आए दिन उसके साथ अश्लील हरकतें करता है।

रास्ते में घेरकर की अश्लील हरकतें

पीड़िता महिला के अनुसार मंगलवार 9 दिसंबर की शाम, जब वह अपने पति के साथ काम से लौट रही थी, तभी रास्ते में अमित उर्फ लालू अपने दो साथियों हर्षित गुप्ता और मोनू के साथ मिलकर उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने लगा। महिला के विरोध पर आरोपियों ने अभद्रता और बढ़ा दी।

पति ने किया विरोध तो हुई मारपीट

महिला का कहना है कि जब उसके पति ने आरोपियों की हरकतों का विरोध किया, तो तीनों युवकों ने एकजुट होकर उसके पति के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद पीड़िता दहशत में आ गई और न्याय की गुहार लेकर कोतवाली पहुंची।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू

इस मामले में कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें