Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में फतेहगढ़ पुलिस एवं सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हासिल हुई है। बता दें कि फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में बीते करीब एक वर्ष से चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर अभियुक्त को उसकी महिला साथी के साथ गिरफ्तार किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में मामले की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने सर्विलांस की मदद से इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

कन्नौज जाने की फिराक में रेलवे स्टेशन पर पकड़े गए आरोपी
बता दें कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी चोरी का सामान बेचने के लिए कन्नौज जाने की तैयारी में हैं। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए याकूतगंज चौकी प्रभारी विनोद कुमार, कर्नलगंज चौकी प्रभारी मूलेंद्र सिंह और सर्विलांस टीम ने याकूतगंज रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की। शाम सात बजे की ट्रेन छूटने के बाद आरोपी अगली ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस टीम ने दोनों को मौके से दबोच लिया।

10 लाख के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी बरामद
पकड़े गए आरोपियों के पास से 10,180 रुपये नकद, सिक्के और करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। बरामद सामान में सोने की तीन चैन, चार अंगूठी, तीन जोड़ी टॉप्स, मंगलसूत्र, टीका, लॉकेट, झुमकी, बाली, कुंडल, 6 जोड़ी पायल, बिछिया और आर्टिफिशियल हार शामिल हैं। आरोपियों की पहचान जनपद हरदोई के थाना हरियावां के गांव अरुआ निवासी सर्वेश और उसकी महिला साथी के रूप में हुई है। आरोपी सर्वेश के खिलाफ विभिन्न थानों में 28 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसकी महिला साथी के खिलाफ भी 6 मामले दर्ज हैं।
छह चोरी की वारदातों का खुलासा, दोनों आरोपी भेजे गए जेल
पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में हुई छह अलग-अलग चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया है। आरोपियों ने भखरामऊ स्थित अधिवक्ता के घर, गीतापुरम, लोको रोड रेलवे आवास, कासिमबाग और मोहल्ला हाथीखाना में हाल ही में हुई चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश किया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।


























