Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद की विशेष पॉक्सो अदालत ने एक गंभीर मामले में सुनवाई करते हुए आरोपी दुकानदार को दोषी ठहराया है। बता दें कि विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) रितिका त्यागी ने मामले से जुड़े सबूतों और गवाहों के आधार पर इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारी राकेश गंगवार को दोषी करार दिया। शासकीय वकील तेज सिंह और विकास कटियार ने जानकारी देते हुए बताया कि अदालत अब सजा के बिंदु पर 22 तारीख को अपना निर्णय सुनाएगी।
21 फरवरी 2023 की घटना का विवरण
पूरा मामला कायमगंज कोतवाली क्षेत्र का है। अचरा चौकी क्षेत्र के एक गांव की महिला की आठ वर्षीय पुत्री कायमगंज कस्बा क्षेत्र में अपनी मौसी के घर आई हुई थी। 21 फरवरी 2023 की शाम बच्ची परचून की दुकान पर सामान लेने गई थी। इसी दौरान आरोपी 55 वर्षीय राकेश गंगवार, जिसकी इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है, उसने बच्ची को पैसे देकर दुकान के पास बुलाया और बहला-फुसलाकर अपराध को अंजाम दिया।
परिजनों की सतर्कता और आरोपी की दोषसिद्धि
घटना के बाद जब बच्ची की मौसी ने खोजबीन की, तब पीड़ित बालिका किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस और अभियोजन पक्ष द्वारा अदालत में पेश किए गए ठोस साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी पाया है। अब सभी की निगाहें 22 तारीख को आने वाले कोर्ट के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।


























