Farrukhabad News : कन्नौज में पुलिस ने खाकी वर्दी पहनकर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसके ऊपर 30 लाख रुपये का भारी कर्ज था। इस कर्ज को चुकाने के लिए उसने फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों से रुपये ऐंठने की साजिश रची थी। आरोपी पिछले पांच महीनों से तिर्वा क्रासिंग के पास किराए का कमरा लेकर अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।
खुद को बताता था एंटी करप्शन का अफसर
शहर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी खाकी वर्दी पहनकर खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का दरोगा बताता था और आम लोगों को ठगता था। मंगलवार सुबह पायनियर होटल के पास रेलवे पटरी के किनारे से सरायमीर चौकी प्रभारी विश्वनाथ आर्य ने घेराबंदी करके उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्दाबाद थाना क्षेत्र के गांव रठौरा नगला नीयू निवासी अशोक कुमार के पुत्र संजीव कुमार के रूप में हुई है
पहले भी फर्जी वर्दी मामले में जा चुका है जेल
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस ने बताया कि साल 2024 में भी आरोपी कानपुर नगर के थाना कल्याणपुर से फर्जी दरोगा बनकर ठगी करने के जुर्म में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने अपना ठिकाना बदलकर कन्नौज बना लिया और फिर से ठगी का काम शुरू कर दिया।
आरोपी से फर्जी आईडी और वर्दी का सामान बरामद
पुलिस की तलाशी में आरोपी के पास से एक पिट्टू बैग, यूपी पुलिस की खाकी पैंट-शर्ट, कंधे के दो फ्लैप, पीतल के चार स्टार, यूपी पुलिस के दो बैज, सीटी-डोरी, जाली आईडी कार्ड, नेम प्लेट, पेन, दो मोबाइल और नकदी बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


























