Farrukhabad News : शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर के बगिया मांगू लाल में श्री दुर्गा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया है। महाराजा हरिश्चंद्र रस्तोगी दुर्गा कमेटी की ओर से यहां माता रानी का अत्यंत सुंदर और आकर्षक दरबार सजाया गया है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और वंदना के लिए पहुंच रहे हैं। कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू रखी गई हैं।
कोतवालेश्वर हनुमान सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने की आरती
महोत्सव के दौरान मंगलवार को श्री कोतवालेश्वर हनुमान जी सेवा ट्रस्ट, कोतवाली कायमगंज के प्रमुख पदाधिकारियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। इस आमंत्रण पर ट्रस्ट के अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी, प्रबंधक संगम शाक्य, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कन्हैयालाल, उपाध्यक्ष दीपक शाक्य, सदस्य आर्यन व सत्यम ने पंडाल में पहुंचकर पूरे विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की आरती की।

बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
आरती से पूर्व छोटे-छोटे बच्चों द्वारा एक से बढ़कर एक शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस दौरान श्रवण कुमार, राजा दशरथ और उनके माता-पिता की लीला तथा 52 अवतारों के सजीव मंचन ने दर्शकों का मन मोह लिया। बाल कलाकारों की इस अद्भुत प्रस्तुति को देखकर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

भक्तिमय माहौल में हुआ प्रसाद वितरण
कार्यक्रम के दौरान पूरा पंडाल सैकड़ों श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। श्रद्धालु लगातार भजन-कीर्तन और “जय माता दी” के जयकारों से माहौल को भक्तिमय बनाते रहे। आरती के उपरांत सभी भक्तों को श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर कमेटी के सौरभ रस्तोगी, विकास, ऋषभ, हिमांशु, पुनीत, योगेश, प्रखर के साथ ही महिला टीम से रिचा, तन्वी, चारु, तृप्ति रस्तोगी सहित सैकड़ों स्थानीय भक्त मौजूद रहे।


























