Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद की सदर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रायपुर पचपुखरा में समाजवादी पार्टी द्वारा ‘पीडीए जन पंचायत’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र हुए। पंचायत में मुख्य अतिथि के रूप में तिर्वा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. अनिल पाल और बांगरमऊ के पूर्व प्रत्याशी सुरेश पाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने जनहित के मुद्दों और क्षेत्र के विकास को लेकर अपने विचार जनता के सामने रखे।
जन कल्याणकारी योजनाओं का वादा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में इस समय परिवर्तन का माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि सर्वसमाज के सहयोग से आने वाले समय में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) परिवार की सरकार बनेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार बनने पर जन कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा, जिससे समाज के हर तबके को सीधा लाभ मिल सके।
विकास और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा
जन पंचायत के दौरान पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, डॉ. अनिल पाल और सुरेश पाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं, कानून व्यवस्था और विकास कार्यों पर चर्चा की। इस मौके पर नि. प्रदेश सचिव मंदीप यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारुकी, डॉ. सुभाष पाल और ब्रजेश पाल सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।


























