फर्रुखाबाद : एमएलसी चुनाव में वोटर कार्ड नहीं है तो न हों परेशान, इन 10 पहचान पत्रों से डाल सकेंगे वोट

Farrukhabad News : उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खण्ड स्नातक और खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर जनपद फर्रुखाबाद में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी 23 अक्टूबर 2026 को मतदान संपन्न कराया जाएगा। इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और फर्जी मतदान से मुक्त बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

वोटर आईडी न होने पर मिलेंगे 10 वैकल्पिक विकल्प

जिला निर्वाचन अधिकारी और जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि मतदान केंद्र पर मतदाता को अपनी पहचान साबित करने के लिए वोटर फोटो आईडी कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। हालांकि, यदि किसी मतदाता के पास वोटर आईडी कार्ड उपलब्ध नहीं है, तो उसे निराश होने की जरूरत नहीं है। आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए 10 अन्य सरकारी पहचान पत्रों को मान्यता दी है, जिनमें से कोई भी एक दस्तावेज दिखाकर मतदान किया जा सकता है।

मान्य पहचान पत्रों की सूची

प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार मतदाता आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट या केंद्र/राज्य सरकार द्वारा जारी सेवा पहचान पत्र का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा सांसदों, विधायकों और पार्षदों को जारी पहचान पत्र, संबंधित शैक्षणिक संस्थानों द्वारा जारी सेवा पहचान पत्र, विश्वविद्यालय की मूल डिग्री या डिप्लोमा प्रमाण पत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र और यूडीआईडी (UDID) कार्ड दिखाकर भी वोट डाला जा सकता है।

जिला निर्वाचन अधिकारी की अपील

जिला निर्वाचन अधिकारी ने आगरा खण्ड स्नातक व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सभी योग्य मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि मतदान वाले दिन अपने साथ निर्धारित पहचान पत्रों में से कोई एक जरूर लेकर आएं और बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें