Farrukhabad News : शुक्रवार को जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव नारायणपुर गढ़िया गांव निवासी कामता प्रसाद पाल का 19 वर्षीय बेटा प्रशांत पाल अपने मवेशी चराने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान उसकी भैंस पास ही स्थित एक तालाब में चली गई। प्रशांत अपनी भैंस को बाहर निकालने के लिए अपने कपड़े और चप्पल किनारे पर रखकर तालाब में उतर गया। गहरे पानी में अचानक पैर फिसल जाने के कारण प्रशांत संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में डूब गया।

ग्रामीणों ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद निकाला बाहर
घटना के कुछ समय बाद जब आसपास के ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे, तो उन्हें किनारे पर प्रशांत के कपड़े और चप्पल रखे मिले। अनहोनी की आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने तुरंत तालाब में प्रशांत की खोजबीन शुरू कर दी। लगभग डेढ़ घंटे तक चले राहत और बचाव के प्रयास के बाद प्रशांत को पानी से बाहर निकाला जा सका। परिजन और गांव वाले उसे तत्काल बाइक से इलाज के लिए कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, परिवार में छाया मातम
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आपातकालीन ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर विनीश माथुर और फार्मासिस्ट पवन प्रताप ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद प्रशांत को मृत घोषित कर दिया। प्रशांत की असामयिक मृत्यु की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उनके छोटे भाई आशु और मां मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की तीन बहनें आरती, पूजा और जूली हैं, जिनमें से बड़ी बहन का विवाह हो चुका है।

पुलिस प्रशासन की कार्रवाई जारी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। थानाध्यक्ष राम सहाय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स को मौके पर भेज दिया गया था। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरकर उसे नियमानुसार पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।
























