Farrukhabad News : आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जनपद फर्रुखाबाद में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। फतेहगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट परिसर के EVM वेयरहाउस में EVM और VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) का कार्य आधिकारिक रूप से प्रारंभ कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप इस प्रक्रिया को संपन्न कराया जा रहा है, ताकि आने वाले चुनाव में सभी मशीनें पूरी तरह से सही और त्रुटिरहित पाई जाएं।

BEL के इंजीनियरों की देखरेख में जांच
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर ने बताया कि निर्वाचन में प्रयोग होने वाली सभी EVM और VVPAT की गहन जांच भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा की जा रही है। जांच की यह पूरी प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी की सीधी निगरानी में संचालित हो रही है। भारत निर्वाचन आयोग के ‘Manual on Electronic Voting Machine’ में तय नियमों का पालन करते हुए केवल FLC में उत्तीर्ण होने वाली मशीनों को ही चुनाव प्रक्रिया के लिए स्वीकृत किया जाएगा।

राजनीतिक दलों की मौजूदगी और पारदर्शिता
प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिले के सभी राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को शामिल किया गया है। प्रशासन द्वारा 15 सितम्बर को ही लिखित सूचना भेजकर राजनीतिक दलों से अपने प्रतिनिधियों को नामित करने का अनुरोध किया गया था। दलों के राज्य मुख्यालयों से संपुष्ट प्रतिनिधि इस FLC प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन कर रहे हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी और भारत निर्वाचन आयोग स्तर से भी FLC की डिजिटल निगरानी की जा रही है।

























