फर्रुखाबाद : कायमगंज में सरकारी फंड का झांसा देकर एएनएम दंपत्ति से ₹1.14 लाख की साइबर ठगी, पुलिस ने शुरू की जांच

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एएनएम अंजू और उनके पति कुलदीप कुमार साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो गए हैं। रविवार को एएनएम के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी बताया। ठग ने दावा किया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर में साफ-सफाई की व्यवस्था के लिए सरकारी बजट भेजा जा रहा है। पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने सबसे पहले PhonePe के जरिए एएनएम के खाते में ₹10 ट्रांसफर किए, जिससे एएनएम उसकी बातों में आ गईं।

झांसे में लेकर दो खातों से उड़ाए ₹1,14,980

विश्वास जमने के बाद साइबर ठग ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बहाने गोपनीय डेटा हासिल कर लिया। इसके तुरंत बाद उसने एएनएम के बैंक खाते से दो बार में क्रमशः ₹34,990 और ₹15,000 (कुल ₹49,990) निकाल लिए। इसके बाद ठग ने चालाकी से उनके पति कुलदीप कुमार को भी बातों में उलझाया और उनके खाते से भी ₹49,990 तथा ₹15,000 (कुल ₹64,990) उड़ा दिए। इस तरह दोनों खातों से कुल मिलाकर ₹1,14,980 की चपत लगा दी गई।

मैसेज आते ही उड़े होश, साइबर सेल में शिकायत

जब दोनों दंपत्ति के मोबाइल पर बारी-बारी से खाते से पैसे कटने के मैसेज आए, तब उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ। ठगी की जानकारी मिलते ही पीड़ित एएनएम ने बिना देर किए तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही उन्होंने साइबर सेल में लिखित प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और ठगी गई पूरी रकम वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें