फर्रुखाबाद : कायमगंज में मुनीम के साथ हुई लूट का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर किया खुलासा, 250 से ज्यादा CCTV खंगाल पकड़े 6 बदमाश – 6.70 लाख रुपये बरामद

गुरुवार की शाम जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में उद्योगपति के मुनीम से हुई लाखों रुपये की नकदी छीनने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। बता दें कि नारायण टुबैको कंपनी के मुनीम पंकज शर्मा अपनी स्कूटी से लगभग 8.55 लाख रुपए लेकर मजदूरों को भुगतान करने गोदाम जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और हमला कर रुपयों से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के राजफाश के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया।

कायमगंज
कायमगंज

250 से अधिक CCTV कैमरों और रेकी की साजिश का हुआ पर्दाफाश

जांच प्रक्रिया के दौरान पुलिस की टीमों ने क्षेत्र के 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। पीड़ित मुनीम और स्थानीय लोगों से मिली अहम जानकारियों के आधार पर पुलिस तंत्र ने कड़ियों को जोड़ा। तफ्तीश में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के लिए कुल 7 लोगों ने मिलकर योजना बनाई थी। इसमें शामिल एक आरोपी पहले उसी कंपनी के गोदाम में काम कर चुका था, जिसे मुनीम के आने-जाने के समय और नकदी ले जाने के रूट की पूरी जानकारी थी। घटना के दिन विक्की और अभय नाम के आरोपियों ने बाकायदा रेकी की थी, जिसके बाद मौका पाते ही बाकी साथियों ने मुनीम को रोककर वारदात को अंजाम दिया था।

6 अभियुक्त गिरफ्तार, 6.70 लाख रुपये नकदी और असलहा बरामद

पुलिस की सजगता और सटीक सर्विलांस के बल पर मामले में शामिल 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान घसिया चिलौली निवासी मुकेश शुक्ला के पुत्र उत्तम शुक्ला, पातीराम सक्सेना के पुत्र मिथुन सक्सेना, राजवीर सक्सेना के पुत्र अभय सक्सेना, मोहल्ला जटवारा निवासी नन्हे लाल सक्सेना के पुत्र बॉबी, उलियापुर निवासी इन्दल के पुत्र अंग्रेज उर्फ राजकुमार और जनपद एटा के थाना सिढ़पुरा के गांव डुमरी निवासी लाल सिंह के पुत्र विकास उर्फ विक्की कश्यप के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 6 लाख 70 हजार रुपये नकद, दो मोटरसाइकिलें, 315 बोर का एक तमंचा और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी यश फिलहाल फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी और शेष रकम की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

कायमगंज
कायमगंज

सफल खुलासे पर पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा

कायमगंज पुलिस, शमसाबाद थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम के संयुक्त और त्वरित प्रयासों की सराहना करते हुए एसपी आरती सिंह ने इस सफलता पर संतोष व्यक्त किया है। समय रहते घटना का पर्दाफाश करने और बड़ी धनराशि बरामद करने वाली पूरी पुलिस टीम को उत्साहवर्धन हेतु 25,000 रुपए के नकद इनाम की घोषणा की गई है।

 

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें