Farrukhabad News : शनिवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित ए.पी. पब्लिक स्कूल में विजयदशमी और महानवमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीराम के बाल स्वरूप, भव्य राम दरबार, मां दुर्गा के स्वरूप में सजी कन्याओं की प्रस्तुतियों और रावण दहन के माध्यम से विद्यार्थियों को अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।

राम दरबार की आरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रबंध समिति के अशोक रस्तोगी, प्रदीप रस्तोगी, आयुष रस्तोगी, प्रधानाचार्य डॉ. अंजलि पांडेय और भाजपा नेता अवनीश चतुर्वेदी ने बाल रूप में सजे राम दरबार का तिलक कर किया। इसके बाद फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए राम दरबार की आरती की गई। मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों में सजी कन्याओं ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को विशेष बनाया।
प्रधानाचार्य ने दिया बुराइयों को त्यागने का संदेश
विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. अंजलि पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि रावण दहन केवल पुतले को जलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में व्याप्त बुराइयों को समाप्त करने का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने भीतर मौजूद बुराइयों को दूर करने का संकल्प ले, तो एक खुशहाल समाज और रामराज्य जैसी व्यवस्था की कल्पना साकार हो सकती है।

भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने की अपील
इस दौरान भाजपा नेता अवनीश चतुर्वेदी ने कहा कि भगवान श्रीराम द्वारा रावण का वध समाज को बुराइयों पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है। काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार और अन्याय जैसी बुराइयों को त्यागकर सत्य और न्याय के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।

बाल स्वरूप में सजे राम ने किया रावण दहन
कार्यक्रम के समापन पर बाल रूप में सजे भगवान श्रीराम ने बाण चलाकर रावण के पुतले का दहन किया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने अच्छाई की जीत का संदेश ग्रहण किया। कार्यक्रम में कोऑर्डिनेटर उमा गुप्ता, सीबीएसई कोऑर्डिनेटर अनूप पांडेय, विकास भारती, अंकुर यादव, अंजना राठौर, पल्लवी दीक्षित, अजय दयाल, आनंद वर्धन, प्रिया गंगवार, अलका सिंह, राकेश सक्सेना, एलएम दुबे, आरके पाठक और मनु कौशल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक मौजूद रहे।

























