फर्रूखाबाद : भ्रष्टाचार निवारण संगठन की कार्रवाई के विरोध में लेखपालों का प्रदर्शन, शनिवार को करेंगे धरना और बहिष्कार

जनपद फर्रूखाबाद में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन द्वारा की जा रही ट्रैप कार्रवाइयों को अनुचित बताते हुए मोर्चा खोल दिया है। बता दें कि संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रदेश भर में ग्रामीण क्षेत्रों में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद निष्ठा से कार्य कर रहे लेखपालों के खिलाफ एकतरफा और गलत तरीके से कार्रवाई की जा रही है। इससे पूरे लेखपाल संवर्ग में भारी आक्रोश और असुरक्षा की भावना व्याप्त है। संगठन का स्पष्ट कहना है कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ निष्पक्ष जांच का समर्थन करते हैं, लेकिन किसी भी निर्दोष कर्मचारी के खिलाफ गलत कार्रवाई स्वीकार्य नहीं होगी।

अयोध्या घटना को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग

ज्ञापन में जनपद अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल साथी उत्कर्ष दीप के साथ घटी घटना का उल्लेख करते हुए पदाधिकारी ने कहा कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन से प्रथम दृष्टया रिश्वत मांगने जैसा कोई स्पष्ट तथ्य सामने नहीं आता है। इसलिए फर्रूखाबाद संघ ने जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर के माध्यम से मांग की है कि इस प्रकरण की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, गलत तरीके से की गई कार्रवाई को तत्काल समाप्त कर दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों पर नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएं।

शनिवार को थाना समाधान दिवस का बहिष्कार और धरने का ऐलान

प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर जनपद फर्रूखाबाद के सभी लेखपाल 22 अगस्त, शनिवार को आयोजित होने वाले ‘थाना समाधान दिवस’ का पूर्ण रूप से बहिष्कार करेंगे। इसके साथ ही सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक जिले की अपनी-अपनी तहसीलों पर उपस्थित रहकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन व धरना देंगे। ज्ञापन के दौरान जिलाध्यक्ष सचिन मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष के.के गंगवार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहिनी चौहान, कनिष्ठ उपाध्यक्ष अनुज चतुर्वेदी, उप मंत्री हिमांशु गुप्ता, कोषाध्यक्ष रामजी यादव व ऑडिटर अनुभव पाण्डेय समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें