फर्रुखाबाद : कायमगंज रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, परिवार में मचा कोहराम

सोमवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज रेलवे स्टेशन के पूर्वी क्रॉसिंग के पास वरिष्ठ नागरिक की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। बता दें कि लखीमपुर जिले के बढ़खैरवा गांव निवासी 73 वर्षीय रामदास गुप्ता अपने परिवार के साथ बालाजी दर्शन के बाद गोमती एक्सप्रेस से लौट रहे थे। यात्रा के दौरान कायमगंज स्टेशन पर वह गलती से ट्रेन से नीचे उतर गए। जब तक परिजनों को उनके ट्रेन में न होने का अहसास हुआ, तब तक ट्रेन आगे बढ़ चुकी थी और बाकी परिवार फर्रुखाबाद स्टेशन पर उतरा।

पटरी के किनारे चलते समय आई सामने से ट्रेन

ट्रेन छूट जाने के बाद रामदास गुप्ता रेलवे पटरी के किनारे-किनारे आगे बढ़ने लगे। इसी बीच स्टेशन से कुछ ही दूरी पर सामने से आ रही एक पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी के दरोगा सत्येंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को सुरक्षात्मक प्रक्रिया के तहत कब्जे में लिया।

जीआरपी थाने में फोटो देखकर परिजनों ने की पहचान

उधर फर्रुखाबाद स्टेशन पर पिता के साथ न होने पर परिजन परेशान होकर जीआरपी थाने पहुंचे। पुलिस द्वारा दिखाई गई तस्वीर को देखकर बेटे अभिषेक गुप्ता ने उनकी पहचान की। अभिषेक ने बताया कि वे लखनऊ के कृष्णानगर में रहते हैं और एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उनके पिता का मानसिक स्वास्थ्य पिछले कुछ समय से ठीक नहीं रहता था।

परिजनों में शोक की लहर और पुलिस जांच जारी

शिनाख्त होने के बाद परिजन रोते-बिलखते कायमगंज पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें