जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़ा एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। बैंक में बंधक रखी गई कृषि भूमि को बिना लोन चुकाए दूसरों के नाम बेचने का खेल चल रहा था। मामले की भनक लगते ही आर्यावर्त बैंक (ग्रामीण बैंक) की बिराहिमपुर जागीर शाखा के प्रबंधक ने कड़ा रुख अपनाया। कोर्ट के सख्त आदेश के बाद पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में FIR दर्ज कर ली है।
लोन चुकता करने से पहले ही बेच डाली जमीन
पहले मामले में मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर परिउली निवासी सूर्यकांत ने फरवरी 2023 में KCC के तहत 3.46 लाख रुपए का लोन लिया था। नियम के मुताबिक लोन चुकाने तक जमीन नहीं बेची जा सकती थी, लेकिन आरोपी ने सितंबर 2025 में चुपके से जमीन का बैनामा कर दिया। वहीं, दूसरे मामले में अमरापुर के नगला मकोड़ा निवासी विवेक कुमार ने 2015 में 1.43 लाख का लोन लिया और वर्ष 2020 व 2021 में बंधक जमीन का हिस्सा प्रेमवती और रेनू को बेच दिया।
नोटिस का नहीं दिया जवाब, अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस की कार्रवाई
बैंक अधिकारियों के अनुसार, दोनों ही मामलों में बकायेदारों को बार-बार नोटिस भेजे गए, लेकिन उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। जब पुलिस स्तर पर भी सुनवाई नहीं हुई, तो बैंक मैनेजर को न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। इसके बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर कायमगंज कोतवाली पुलिस ने विवेक कुमार, प्रेमवती, रेनू और सूर्यकांत समेत अन्य आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।



















