गुरुवार की सुबह जनपद फर्रूखाबाद के मोहम्दाबाद कोतवाली क्षेत्र के मुडगांव रोड पर स्थित एक गैस प्लांट के पीछे मोड़ के पास एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सुबह-सुबह रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने जब गड्ढे में शव और मोटरसाइकिल पड़ी देखी, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।

कोल्ड स्टोरेज जा रहे थे महेंद्र सिंह, रात भर घायल अवस्था में तड़पे
मृतक की पहचान जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव हिसामपुर निवासी स्वर्गीय रामपाल सिंह के 56 वर्षीय पुत्र महेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो सुमंगलम कोल्ड स्टोरेज में कार्यरत थे। परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया महेंद्र सिंह बुधवार की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच घर से भोजन करने के बाद अपनी नाइट ड्यूटी के लिए निकले थे। आशंका जताई जा रही है कि इटावा-बरेली हाईवे स्थित गैस प्लांट के मोड़ से पहले उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। मुंह और शरीर पर गंभीर चोटें आने और रात भर सुनसान जगह पर कोई मदद न मिलने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बाइक नंबर से हुई शिनाख्त, परिवार में छाया मातम
मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर को ट्रेस किया, जिससे मृतक का पता हिसामपुर मिला। इसके बाद पुलिस ने उनके बड़े पुत्र रिंकू को फोन पर हादसे की खबर दी। सूचना मिलते ही बिलखते हुए परिजन मौके पर पहुंचे, जहां महेंद्र सिंह के भाई पुष्पेंद्र ने शव की शिनाख्त की। महेंद्र सिंह अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और कोल्ड स्टोरेज में नौकरी कर अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह अपने पीछे पत्नी शशिपाल, वृद्ध माता प्रेमा देवी, दो बेटे 26 वर्षीय रिंकू , जीतू 20 वर्षीय एक 23 वर्षीय बेटी मानवी को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, कानूनी कार्रवाई शुरू
हादसे की खबर मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार ने स्थिति का जायजा लिया और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



















