फर्रुखाबाद के नाला मछरट्टा स्थित सपा नेता और पूर्व विधायक विजय सिंह के उस घर का ताला आखिरकार शनिवार को खुल गया, जो पिछले 3 महीने से सील पड़ा था। पुलिस प्रशासन ने शनिवार को इस आवास की चाबी उनके परिवार को सौंप दी है। आपको बता दें कि 17 मार्च को इस घर में एक बेहद खतरनाक विस्फोट हुआ था, जिसके बाद से ही सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने इसे अपने कब्जे में ले रखा था।
गैस रिसाव ने मचाई थी तबाही, दहल गया था इलाका
यह हादसा 17 मार्च की शाम को हुआ था, जब पूर्व विधायक के मकान के अंडरग्राउंड में जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना भीषण था कि तीन मंजिला इमारत बुरी तरह टूट-फूट गई और पूर्व विधायक के दो बेटों अविनाश उर्फ विक्की और अभिषेक उर्फ सिक्की समेत 6 लोग मलबे और आग की चपेट में आकर घायल हो गए थे। बाद में फॉरेंसिक जांच की जो रिपोर्ट आई, उसमें इस खौफनाक ब्लास्ट की वजह गैस रिसाव बताई गई थी।
हाईकोर्ट में अर्जी, पर पहले ही मिल गई राहत
ब्लास्ट के बाद से ही पूर्व विधायक का परिवार लखनऊ में शिफ्ट हो गया था और घर पर होमगार्ड व पीआरडी के जवान तैनात थे। इस बीच मकान को वापस पाने के लिए हाई कोर्ट में एक रिट याचिका भी दायर की गई थी। लेकिन कोर्ट में सुनवाई होने से पहले ही पुलिस प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए शनिवार को मकान हैंडओवर कर दिया।
अब शुरू होगा मरम्मत का काम, लौट सकेगी रौनक
शहर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलोत और पूर्व विधायक के बड़े बेटे विक्की ने पुष्टि की है कि मकान को रिपेयरिंग के लिए सौंप दिया गया है। अब जल्द ही जर्जर हो चुके इस तीन मंजिला मकान को ठीक करने का काम शुरू किया जाएगा, ताकि परिवार इसमें दोबारा रह सके।



















