जनपद फर्रुखाबाद के शमसाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला मुबारकपुर निवासी मलखान सिंह की14 वर्षीय पुत्री निमती, जो कक्षा 7 की छात्रा थी, अपनी सहेलियों दिव्या और नीलू के साथ खेत से चारा लेकर घर लौट रही थी। जैसे ही वे रोशनहाबाद-पसियापुर मार्ग पर पहुंची, तभी रोशनहाबाद की तरफ से अवैध कटान की लकड़ी लादकर आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने निमती को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयंकर कि पहिया ऊपर से गुजरा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रफ्तार इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर का पहिया मासूम किशोरी के ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर पर लदे लकड़ी के भारी बोटे सड़क पर बिखर गए और चालक मौका पाकर ट्रैक्टर सहित फरार हो गया। इस घटना के बाद सड़क पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही और चीख-पुकार मच गई। सहेलियों ने तुरंत इसकी सूचना निमती के परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस कार्रवाई में जुटी
मृतक किशोरी के पिता मलखान सिंह ने बताया कि निमती चार बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटी थी। हादसे की खबर मिलते ही माँ नन्हीं देवी और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही शमसाबाद थानाध्यक्ष सचिन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने स्थिति को संभाला और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है।



















