फर्रुखाबाद जिले में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे अब सीधे किसानों की रीढ़ की हड्डी माने जाने वाले मवेशियों पर हाथ साफ कर रहे हैं। ताजा मामला शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव मुरैठी से सामने आया है। यहां के रहने वाले पीड़ित पशुपालक ब्रजलाल सिंह रोज की तरह अपनी तीन कीमती भैंसों को घर के पास बनी चौपाल पर बांधकर वहीं पास में सो गए थे। रात के किसी पहर जब उनकी आंख लगी, तभी अज्ञात चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोर बड़ी सफाई से तीनों भैंसों को खोलकर रफूचक्कर हो गए, जबकि हैरान करने वाली बात यह रही कि चोर भैंस के छोटे बच्चे को वहीं बंधा हुआ छोड़ गए।
चारे के डिब्बे खाली और तबेला सूना, चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण
रोजाना की तरह जब सुबह ब्रजलाल अपने पशुओं को चारा खिलाने के लिए चौपाल पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। खूंटियों पर भैंसें गायब थीं। पीड़ित ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद देखते ही देखते मोहल्ले और गांव के तमाम लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। गांव वालों ने एकजुट होकर आसपास के खेतों, जंगलों और खलिहानों में काफी खोजबीन की, लेकिन चोरों या भैंसों का कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका। ब्रजलाल के मुताबिक, चोरी गई भैंसों में से पहली भैंस की कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपए, दूसरी की सवा लाख रुपए और तीसरी की कीमत लगभग 1 लाख 15 हजार रुपए थी। इस तरह चोरों ने किसान को करीब साढ़े तीन लाख रुपए से अधिक का चूना लगा दिया।

नए थानाध्यक्ष के चार्ज लेते ही चोरों की ‘हैट्रिक’, खाकी को खुली चुनौती
इस बड़ी चोरी के बाद शमशाबाद थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शुरुआती पूछताछ के बाद मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पीड़ित ब्रजलाल सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर चोरों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और भैंसों की बरामदगी की गुहार लगाई है। गौरतलब है कि शमशाबाद इलाके में इन दिनों चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर खासा गुस्सा है कि जिस दिन थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने थाने का कार्यभार संभाला था, ठीक उसी दिन चोरों ने तीन अलग-अलग चोरियों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी थी। तब से लेकर अब तक क्षेत्र में लगातार चोरियां हो रही हैं, जिसमें शमशाबाद थाना चौराहे जैसी व्यस्त जगह पर हुई चोरी भी शामिल है। इस पूरे मामले में थानाध्यक्ष सचिन सिंह का कहना है कि पुलिस को तहरीर मिल चुकी है, मुकदमा दर्ज कर जल्द ही चोरों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


















