मंगलवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद में छपरा-मथुरा एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर एक सिविल इंजीनियर की जान चली गई। मृतक की पहचान महाराष्ट्र के नागपुर के मनकापुर आर्य नगर निवासी सुनील बाबूलाल यादव के रूप में हुई है। सुनील अपने परिवार के साथ दो दिन पहले मथुरा दर्शन के लिए गए थे। वापसी के दौरान ट्रेन के एसी फर्स्ट कोच में सफर करते समय फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के पास वह अचानक ट्रेन से नीचे गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में सुनील को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जब यह हादसा हुआ, तब सुनील की पत्नी रीना यादव और बेटी आन्या उसी ट्रेन में सफर कर रही थीं। उन्हें घटना की जानकारी तब मिली जब पुलिस ने सुनील के पास मिले सामान के जरिए उनसे संपर्क किया। तब तक ट्रेन कानपुर पहुंच चुकी थी।
पोस्टमार्टम हाउस पर पसरा सन्नाटा, नागपुर से आ रहे परिजन
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर उतरने के बाद सुनील की पत्नी और बेटी निजी वाहन से फतेहगढ़ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचीं। मृतक के बेटे वेदांश ने बताया कि उनके पिता एक निजी कंपनी में सिविल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। इस अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक के अन्य परिजन और रिश्तेदार भी नागपुर से फर्रुखाबाद के लिए रवाना हो चुके हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है।



















