जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ स्थित 4 यू.पी. गर्ल्स बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल विजेंद्र शारदा के कुशल निर्देशन में शनिवार को एक गौरवशाली कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कायमगंज नगर के शकुंतलम देवी बालिका इंटर कॉलेज की एनसीसी सब-यूनिट ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ बेहद जोश और उत्साह के साथ मनाई। इस दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा और कैडेट्स ने देश की सुरक्षा के लिए समर्पित वीर जवानों की गाथाओं को याद किया।

कैडेट्स ने जगाया देशभक्ति का जज्बा
कार्यक्रम में कैडेट स्नेहा ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के महत्व पर अपने प्रभावशाली विचार साझा किए। विद्यालय की प्रबंधिका मोनिका अग्रवाल ने कैडेट्स के जज्बे की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुतीक्षण श्रीवास्तव ने बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ महज एक सैन्य मिशन नहीं था, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य आतंकवादियों के बुनियादी ढांचे को पूरी तरह ध्वस्त कर उन्हें कड़ा सबक सिखाना था। उन्होंने कहा कि ऐसे ऑपरेशन्स से देश की सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।

सिंदूर : सुहाग ही नहीं, सेना के शौर्य का प्रतीक
एनसीसी सह अधिकारी लेफ्टिनेंट शिल्की मिश्रा ने भावुक और प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” सिर्फ सुहाग की निशानी नहीं है, बल्कि यह हमारी भारतीय सेना की अदम्य शक्ति और हौसले का प्रतीक है। यह मिशन याद दिलाता है कि देश की अखंडता के लिए हमारी सेना किसी भी हद तक जा सकती है। कार्यक्रम में ममता सिंह, संतोष शर्मा, सायना खान, मनीष गौर, विकास श्रीवास्तव और लक्ष्मी गंगवार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया।


















