फर्रुखाबाद : कायमगंज की महिला की जम्मू में रहस्यमयी मौत : बीमारी या हत्या? परिजनों के हंगामे के बाद पुलिस ने रुकवाया अंतिम संस्कार

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज क्षेत्र के गांव लुधैया की एक महिला की जम्मू में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से सनसनी फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लुधैया निवासी दीपू की शादी करीब पांच साल पहले गांव सींगनपुर की रहने वाली किरण से हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों जम्मू में रह रहे थे, जहां दीपू एक फैक्ट्री में काम करता था। शनिवार को अचानक किरण की मौत की खबर आई, जिसने सबको चौंका दिया।

बीमारी का दावा और फिर हत्या का शक : पुलिस ने बीच रास्ते से वापस मंगवाया शव

किरण की मौत के बाद पति दीपू ने जम्मू के सांबा थाने में सूचना दी कि उसकी पत्नी की मौत बीमारी के कारण हुई है। शुरुआत में मायके पक्ष ने कोई आपत्ति नहीं जताई, लेकिन बाद में राहुल नामक युवक ने हत्या की आशंका जताते हुए यूपी 112 पर फोन कर दिया। इस सूचना के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि दीपू शव लेकर गांव के लिए निकल चुका था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे रास्ते से ही वापस जम्मू बुलवा लिया।

पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार

घटना की सूचना मिलते ही एसआई ज्ञान प्रकाश पांडेय गांव पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच बढ़ते तनाव को शांत कराया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि जम्मू पुलिस से संपर्क कर शव का पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें