फर्रुखाबाद : मजार के गेट का ऊपरी हिस्सा टूटा, पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर कराई मरम्मत

शनिवार को जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव उम्मरपुर मिल्किया पठान गांव के बच्चों ने देखा कि स्थानीय मजार के गेट की ऊपरी दीवार और अंदरूनी हिस्सा क्षतिग्रस्त है। बच्चों ने तुरंत इसकी जानकारी गांव के बुजुर्गों को दी। मजार का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और तुरंत यूपी डायल 112 को सूचित किया गया।

नवाबगंज
नवाबगंज

पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, मौके पर भारी बल तैनात

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्टिव हो गया। डायल 112 की टीम के साथ नवाबगंज थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कायमगंज के सीओ राजेश कुमार द्विवेदी और अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अरुण कुमार ने भी मौके का मुआयना किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया और घटना की बारीकी से जांच शुरू की।

मजहब नहीं सिखाता आपस में बैर: ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर किया श्रमदान

इस घटना के बाद नफरत फैलाने वालों को करारा जवाब देते हुए आपसी भाईचारे की अद्भुत तस्वीर सामने आई। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने मजार की मरम्मत के लिए निर्माण सामग्री मंगवाई। इसके बाद गांव के इज्जत खां, इंतजार, आफताब, अरविन्द, इंद्रेश, विशाल और अंशुल जैसे तमाम युवाओं और ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर टूटी हुई मजार और दीवार को ठीक किया।

शांति व्यवस्था कायम, पुताई का काम जारी

ग्रामीणों ने बताया कि हर जुमे को बड़ी संख्या में लोग यहां इबादत के लिए आते हैं। प्रशासन की मुस्तैदी और ग्रामीणों के सहयोग से अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने पुष्टि की है कि मजार की मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया है और वर्तमान में रंग-पुताई का काम चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है ताकि अराजकता फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें