जनपद फर्रुखाबाद की कायमगंज कोतवाली पुलिस को बांकेलाल हत्याकांड मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों, जॉनी और सनी (पुत्र राजवीर, निवासी घसिया चिलौली) को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। ये दोनों आरोपी सगे भाई हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 12 अप्रैल की सुबह पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने लाठी-डंडों और चाकू से बांकेलाल पर हमला किया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी।
भैंस चोरी का विवाद बना हत्या की वजह
आरोपियों ने खुलासा किया कि बांकेलाल के परिवार से उनका लंबे समय से विवाद चल रहा था। वर्ष 2025 में एक भैंस को जलाकर मार देने के बाद से यह दुश्मनी और गहरी हो गई थी। घटना वाले दिन भैंस चोरी के आरोप को लेकर हुई बहस ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस हमले में 34 वर्षीय बांकेलाल की जान चली गई, जबकि राजकुमार नाम का व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस अब बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है।



















