रविवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव उलियापुर में भैंसा चोरी के शक में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों ने बांकेलाल नाम के एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प में बांकेलाल को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उनकी जान चली गई। मृतक के भाई विपिन ने इस मामले में 13 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
बांकेलाल की मौत कितनी दर्दनाक थी, इसका अंदाजा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से लगाया जा सकता है। पोर्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, बांकेलाल के शरीर पर गंभीर चोटों के 18 निशान मिले हैं। हमले में उसका लीवर फट गया था, सिर में गहरी चोट आई थी और दाहिने पैर की हड्डी भी टूट चुकी थी। शरीर के अंगों पर हुए इन घातक वारों की वजह से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने बिछाया जाल, तीन आरोपी गिरफ्तार
वारदात के बाद सक्रिय हुई कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पुष्पेंद्र, करन और पूनम (पत्नी सनी) शामिल हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लखनपुर गांव के पास एक आम के बाग से हत्या में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे भी बरामद कर लिए हैं। मेडिकल परीक्षण के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया है।

फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
इस हत्याकांड में शामिल कई अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। फरार आरोपियों में जितेंद्र, सनी, जॉनी, सुनील, सूरज, अर्जुन, शकुंतला देवी, ममता और गोदाम स्वामी संजय अग्रवाल के नाम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे। इस घटना के बाद से गांव में तनाव और पीड़ित परिवार में मातम पसरा हुआ है।


















