जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव लखनपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रशासन द्वारा नगर के मोहल्ला गढ़ी इज्जत नीवासी लड्डन खां के पुत्र जुबैर खां की कुर्क की गई बेशकीमती जमीन (गाटा संख्या 568, क्षेत्रफल 81 वर्ग मीटर) पर अवैध कब्जे की कोशिश की गई है। कुर्क की गई इस जमीन पर प्रशासन ने बाकायदा बोर्ड लगाकर अपना अधिकार दर्शाया था, जिसपर शातिर किस्म के लोगों ने उक्त जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की है।

प्रशासन के बोर्ड को उखाड़कर जगह बदली
बता दें कि कम्पिल थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी यज्ञदत्त शुक्ला ने 15 अप्रैल 2026 को प्रशासन द्वारा लगाए गए आधिकारिक बोर्ड को हटा दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने जमीन पर नींव खोदकर निर्माण कार्य शुरू करने की कोशिश की। हद तो तब हो गई जब उसने प्रशासन के बोर्ड को उसी गाटे (जमीन) पर दूसरी जगह लगा दिया। इस मामले की जानकारी होते ही स्थानीय लेखपाल ने तुरंत कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है।

लेखपाल की शिकायत पर पुलिस सख्त
लेखपाल आशीष वर्मा द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आरोपी यज्ञदत्त शुक्ला के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सरकारी जमीन, जिसे गैंगस्टर अधिनियम के तहत कुर्क किया गया था, उस पर अवैध कब्जे के प्रयास ने स्थानीय प्रशासन को सतर्क कर दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर रही है और जल्द ही एफआईआर (FIR) दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

















