जनपद फर्रुखाबाद के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रदेश सरकार की ‘मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना’ के तहत जपद के सुदूर गांवों को शहर से जोड़ने की तैयारी पूरी हो चुकी है। प्रशासन ने कुल 11 नए बस रूट तय किए हैं, जिससे अब हजारों ग्रामीणों को डग्गामार वाहनों और निजी वाहनों से चलने की मजबूरी से छुटकारा मिलेगा। इन रूटों पर बसों के संचालन से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि सफर भी सुरक्षित और किफायती हो जाएगा।

सिवारा से लेकर कायमगंज तक, इन रास्तों पर दौड़ेंगी बसें
तय किए गए रूट चार्ट के अनुसार, सिवारा, कम्पिल, कायमगंज और फर्रुखाबाद के बीच विशेष कनेक्टिविटी दी गई है। इसके अलावा इकलहरा, रैकरी और रुदायन जैसे इलाकों को भी मुख्य मार्गों से जोड़ा गया है। वहीं, अमृतपुर और राजेपुर क्षेत्र के लोगों के लिए नगला जवाहर से कुतुलूपुर होते हुए फर्रुखाबाद तक का नया रूट तैयार किया गया है। शमसाबाद और फैजबाग के यात्रियों के लिए भी कुआंखेड़ा रूट के जरिए सफर को बेहद आसान बना दिया गया है।
संकिसा और मोहम्मदाबाद के लिए भी मिली बड़ी सौगात
पर्यटन और व्यापार के लिहाज से महत्वपूर्ण संकिसा, नीवकरोरी और मोहम्मदाबाद के लिए भी प्रशासन ने दो अलग-अलग रूट फाइनल किए हैं। ये बसें दहिलिया और खिरिया सींगनपुर से होकर गुजरेंगी। साथ ही, कमालगंज के गदनपुर तुर्रा और जरारी जैसे इलाकों को भी इस योजना में शामिल किया गया है। इन रूटों पर बसें चलने से छात्रों, व्यापारियों और मरीजों को जिला मुख्यालय पहुंचने में काफी सहूलियत होगी।



















