जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र स्थित रेलवे ट्रैक पर एक 19 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। मृतका युवती की पहचान गांव कादर दादपुर सराय निवासी रेशमा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, 8 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे रेशमा अचानक घर से लापता हो गई थी। परिवार वालों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन सुबह रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
शादी तोड़ने का दबाव और मानसिक प्रताड़ना का आरोप
मृतका की मां सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि रेशमा की शादी इसी साल अप्रैल के महीने में होनी तय थी। आरोप है गांव का ही विजय सिंह का 17 वर्षीय पुत्र अरुण और जनपद एटा की अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव सिवारा नगला निवासी सुरेश डॉक्टर का पुत्र संजीत लगातार फोन कर परेशान कर रहे थे। वे उस पर लगातार बातचीत करने और तय हो चुकी शादी को तोड़ने का दबाव बना रहे थे। घटना वाले दिन भी आरोपियों ने फोन कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया था, जिसके कारण युवती ने यह खौफनाक कदम उठाया।
पुलिस की कार्रवाई : भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत केस दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी नितिन कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



















