जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव कादरदादपुर में 19 वर्षीय युवती रेशमा का शव सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि मृतक रेशमा की शादी अगले महीने 21 अप्रैल को कासगंज जिले में होनी तय हुई थी। जिस घर में शहनाइयां बजने वाली थीं और ‘पीली चिट्ठी’ भेजने की तैयारी चल रही थी, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है।

आधी रात को लापता हुई युवती, सुबह मिली लाश
परिजनों के अनुसार, रेशमा रविवार रात करीब 11 बजे तक घर में ही थी। आशंका जताई जा रही है कि वह दीवार फांदकर घर से बाहर निकली। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के पास उसका शव देखा, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची मां सोनी और पिता संजीव का रो-रोकर बुरा हाल है। रेशमा तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और उसकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
घर से एक लाख रुपए और जेवर गायब
मृतका के पिता संजीव ने पुलिस को बताया कि रेशमा के गायब होने के बाद जब घर के बक्से की जांच की गई, तो उसमें रखे करीब एक लाख रुपए की नगदी और कीमती जेवर भी गायब थे। रेलवे ट्रैक पर मिले शव के पास से भी कोई नकदी या गहने बरामद नहीं हुए हैं। पिता ने लूट और अनहोनी की आशंका जताई है। हालांकि, घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी अंदर से बंद मिलना मामले को और भी उलझा रहा है।

पुलिस की छानबीन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार
घटना की सूचना मिलते ही थाने के दरोगा दिनेश यादव और जीआरपी दरोगा सुशील कुमार ने फोर्स के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।


















