जनपद फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र के चर्चित ओमवीर यादव हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस मामले के तीसरे आरोपी पूर्व प्रधान देवेंद्र यादव (42 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। गांव हुसैनपुर थाना राजेपुर के रहने वाले देवेंद्र को पुलिस ने मुकदमा संख्या 140/25 के तहत धर दबोचा और मेडिकल परीक्षण के बाद सीधे जेल भेज दिया। पुलिस सूत्रों की मानें तो देवेंद्र पर पहले से ही मारपीट और बिजली विभाग से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
साजिश के तहत खोदा गया था ‘मौत का गड्ढा’
इस मर्डर केस की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। मृतक ओमवीर की पत्नी धरमशीला ने बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। उनका आरोप है कि उनके पति की हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की गई थी। हत्या से पहले ही रामू यादव के खेत में करीब 7 फीट गहरा गड्ढा खोद दिया गया था। गांव वालों को गुमराह करने के लिए बताया गया कि यह गड्ढा बोरिंग के लिए खोदा जा रहा है, लेकिन असल में वह ओमवीर को दफनाने की तैयारी थी।
एनकाउंटर और गिरफ्तारी : अब तक क्या हुआ?
इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों, रामू यादव और सुरजीत यादव को सलाखों के पीछे भेज चुकी है। रामू यादव ने ही पूछताछ में हत्या का राज उगला था, जिसके बाद 1 अप्रैल को मृतक का कंकाल बरामद हुआ। वहीं, दूसरा आरोपी सुरजीत यादव पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ था, जिसमें एक सिपाही को भी चोट आई थी। अब तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।



















